संतकबीरनगर: राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

356

संतकबीरनगर। प्रदेश के संतकबीरनगर जनपद में आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह पर बखिरा पुलिस ने जाति धर्म के आधार पर समाज में विद्वेष फैलाने एवं सामाजिक समरसता तथा सद्भावना को नष्ट करने का प्रयास पर 153 ए व 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Advertisement

संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी निवासी राधेश्याम मौर्य ने बीते तहरीर देकर बताया है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली से राज्य सभा सांसद संजय सिंह 12 अगस्त को दिल्ली में अपने सहयोगी एवं कई समर्थकोंं के साथ प्रेस वार्ता कर रहे थे। जो 13 अगस्त के अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ है।

उन्होंने कहा है प्रदेश के लोगों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है। ब्राह्मणों पर अत्याचार हो रहा है। भाजपा के 58 विधायक ब्राम्हण है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ब्राह्मणों की आवाज नहीं उठा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एक भी मौर्य समाज का कार्य नहीं कर रहे हैं। राष्ट्रपति दलित हैं उन्हें राम मंदिर निर्माण में नहीं बुलाया गया। राजभर, कुर्मी, यादव सोनकर, निषाद, तेली, नाई सरकार से नाराज हैं।

आरोप है कि संजय सिंह द्वारा समाज में जाति धर्म के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से सामाजिक समरसता छिन्न-भिन्न करने के उद्देश्य से हरकत किया गया।

जिसके बाद बखिरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर राज्य सभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरु कर दिया है।