मुंह ढक कर चलने से हो रही लड़कियों में विटामिन D की कमी

693

धूप में जाने से बचना अब युवतियों को भारी पड़ रहा है। पिछले कुछ सालों से नवयुवतियों में मुंह और पूरा शरीर ढक कर चलने का प्रचलन बढ़ा है लेकिन अब यह उनके लिए ही खतरनाक साबित हो रहा है। धूप न मिलने से शरीर में विटामिन डी की कमी होने का खतरा बढ़ जा रहा है और हड्डिया कमजोर हो रही हैं। कुछ मामलों में तो हल्के से झटके में भी हड्डिया टूट जा रही हैं।

Advertisement


गायनाकोलोजिस्ट डा. रजनी पचौरी बताती हैं कि हमारे पास ऐसी कई महिलाएं आती हैं जिन्हें गर्भाधारण में दिक्कत आती है। जब टेस्ट कराए जाते हैं तो पता चलता है कि विटामिन डी का लेवल काफी नीचे हैं। लड़कियां आजकल अपने पूरे शरीर को ढक कर निकलती हैं। प्राकृतिक रूप से मिलने वाली धूप का बहुत फायदा है। हम कहतें है कि सुबह के समय धूप में बैठो तो भी सनस्क्रीन लगाकर बैठती हैं। पिछले पांच सालों में विटामिन डी की कमी के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। हर तीन में से एक महिला को यह दिक्कत है।

हड्डियां हो रहीं कमजोर

हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. एके गुप्ता बताते हैं कि विटामिन डी की कमी का सीधा असर हड्डियों पर होता है। स्थिति यह हो गई है कि हल्का सा ज्यादा जोर हड्डियों पर पड़ने से ही फ्रेक्चर हो रहे हैं। रीढ़ की हड्डी के फ्रेक्चर भी काफी बढ़ गए हैं।

त्वचा पर आ रहे सफेद निशान

स्किन स्पेशलिस्ट डा. किंशुक सक्सेना बताते हैं कि उनके पास ऐसी कई महिलाएं और लड़कियां आ रही हैं, जिनकी त्वचा पर जगह-जगह सफेद निशान हैं। साथ ही बाल झड़ने की समस्या भी बहुत ज्यादा है।