पुलिस और प्रशासन आमने-सामने, तहसीलदार ने तुड़वाई अवैध पुलिस चौकी

748

महराजगंज। ज्यादातर लोगों की नजर में पुलिस प्रशासन एक ही चीज है लेकिन दोनों अलग-अलग काम करते हैं। इस बात को समझने के लिए आज की घटना को ही देखिए। पुलिस व प्रशासन के बीच गुरुवार को एक ऐसा वाकया हुआ जिसमें पुलिस व प्रशासन एक दूसरे के आमने सामने खड़ा हो गये और इस टकराव में पुलिस पर प्रशासन भारी पड़ गया।

Advertisement

देखते ही देखते पुलिस कर्मियों के सामने ही नायब तहसीलदार ने नगर पुलिस चौकी पर तहसील की जमीन पर अवैध कब्जा का आरोप लगा निर्माण कार्य को ढहा दिया।

NH 730 चौड़ीकरण में एनएचएआई ने नगर के मुख्य चौराहे पर बनी पुलिस चौकी को बुल्डोजर से ढहा दिया था। तब प्रशासन की सहमति के बाद पुरानी तहसील की बेस कीमती जमीन पर पुलिस चौकी के लिए नए भवन का निर्माण करा दिया गया।

भवन बनने के बाद बगल की खाली जमीन पर पुलिस नगर पुलिस चौकी निर्माण कराने लगी। तहसील प्रशासन ने इस पर लिखित शिकायत दर्ज कराया। तहसील प्रशासन का आरोप है कि इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रुक रहा था।

आज दिन गुरुवार को तहसील प्रशासन के निर्देश पर नायब तहसीलदार अभय नंदन दूबे नगर पुलिस चौकी में पहुंचे। उनके निर्देश पर मजदूरों ने कुदाल से वार कर अंदर की दीवार को गिरा दिया और दरवाजे को तोड़ दिया। इस पुलिस चौकी में ही प्रशासन का तोड़फोड़ देख पुलिस कर्मी खामोश होकर खिसक लिए।

इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर निर्माण कार्य रोक दिया था। गुरुवार को पुलिस को सूचना दिए बिना ही निर्माण के कुछ हिस्से को तोड़ दिया गया। उसको खुद ही हटवा दिया जाता।