बड़हलगंज में खेत की सफाई में मिली भगवान बुद्ध की प्राचीन मूर्ति..

1122

नित्यानंद दीक्षित, झुमिला बाजार।

Advertisement

बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के मदरहा गांव में बुधवार को खेत की सफाई करते समय जमीन में दबी प्राचीन मूर्ति मिली। जो भगवान बुद्ध की बतायी जा रही है। कई लोग इसे अष्टधातु की बनी बता रहे हैं। यह बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी और उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को कब्जे में ले लिया।
अपरांह 4 बजे गांव के बंशबहादुर सिंह के खेत में सफाई के लिए मजदूर लगाये गए थे। इसी दौरान जमीन में दबी पुरानी मूर्ति मिली। मूर्ति का रंग मटमैला था। फावड़े के चोट से मूर्ति के बायें हाथ में क्रेक हो गया था। मूर्ति के दाहिने हाथ एवं दाहिने पैर में किसी धातु का कड़ा पड़ा था। जो चमक रहा था। उसकी लंबाई लगभग डेढ़ फीट थी। उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी।

अधिकांश लोगों का कहना थी कि मूर्ति भगवान बुद्ध की है और यह अष्टधातु की बनी प्राचीन मूर्ति है। भूस्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल रामाज्ञा सिंह ने मूर्ति को कब्जा में ले लिया और वजन कराया तो उसका वजन पांच किलो, पचास ग्राम निकला। उन्होंने कहा कि मूर्ति मालखाने में दाखिल कर इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। जो भी व्यक्ति मूर्ति पर दावा करना चाहे। वह जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देगा।