Home उत्तर प्रदेश सीएम सिटी में किशोरी के साथ युवकों ने किया दुष्कर्म, सिगरेट से...

सीएम सिटी में किशोरी के साथ युवकों ने किया दुष्कर्म, सिगरेट से भी दागा

गोरखपुर। सीएम सिटी में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले 14 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गयी थी, कल गगहा में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी और फिर अब खबर है कि एक किशोरी के साथ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे सिगरेट से भी दागा। पूरा मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के जानीपुर इलाके के एक गांव में शुक्रवार रात घर से बाहर पानी लेने निकली किशोरी को दो युवकों ने अगवा कर लिया। सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की और शरीर को सिगरेट से कई जगहों पर जला दिया।

शनिवार सुबह लड़की परिजनों को अचेत अवस्था में तालाब के किनारे मिली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बड़हलगंज इलाके का रहने वाला शख्स गोला क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। भट्ठे के पास ही किराए पर कमरा लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। शुक्रवार रात उसकी 17 साल की बेटी घर के बाहर स्थित हैंडपंप पर पानी लेने गई थी।

आरोप है कि डेहरीभार गांव निवासी अर्जुन अपने साथी महेश के साथ पहुंचा और किशोरी को जबरन बाइक पर बैठा लिया। शोर मचाने पर मुंह दबा दिया। सुनसान जगह पर ले जाकर दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। अचेत होने पर किशोरी को छोड़कर भाग गए।

शनिवार सुबह लोगों ने लड़की के झाड़ी के पास पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन लड़की को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपितों ने लड़की के साथ हैवानियत की है इस वजह से वह डरी सहमी है। वह कई बार चौंककर बैठ जा रही है। वहीं, पुलिस ने आरोपित अर्जुन और उसके साथी महेश के खिलाफ अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, पॉक्सो साहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।  

एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version