Home न्यूज़ गोरखपुर: भाजपा का मंडल अध्यक्ष जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार, पुलिस ने...

गोरखपुर: भाजपा का मंडल अध्यक्ष जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

गोरखपुर के कैंट थाना पुलिस ने रविवार को जालसाजी के आरोप में एक व्‍यक्ति को मोहद्दीपुर से गिरफ्तार किया है।

आरोपित का नाम विनोद शर्मा निवासी ग्राम भटगांवा थाना चौरीचौरा है।

वह भाजपा के सरदारनगर मंडल के अध्‍यक्ष भी हैं। उन पर आरोप उन्‍होंने एक फर्जी व्‍यक्ति को दिखाकर एक भूमि का बैनाम करा दिया था।

कैंट थाना पुलिस करीब एक वर्ष से आरोपित की तलाश में थी। सुबह पता चला कि आरोपित मोहद्दीपुर में मौजूद है। पुलिस ने दबिश देकर विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

जंगल महुआ निवासी इरशाद की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने वर्ष भर पूर्व विनोद सहित चार व्‍यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया था।

इरशाद ने आरोप लगाया था कि उनके बाबा की 5 मार्च 2011 को मौत हो गई थी। आरोपितों ने 6 फरवरी 2017 को उन्‍हें जीवित दिखाकर एक भूमि का बैनामा करा दिया था।

इस आरोप में पुलिस ने अधिकारी बाग सिटी बिल्‍डर्स एंड कालोनाइजर्स के पार्टनर बृज बिहारी लाल श्रीवास्‍तव, खोराबार थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर निवासी कमलेश सिंह, चौरीचौरा थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांवा निवासी विनोद शर्मा व पिपराइच थाना क्षेत्र के मटिहनिया जनूबी निवासी अशोक सिंह के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया।

कैंट पुलिस ने बताया कि विनोद शर्मा को मोहद्दीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्‍य आरोपितों की तलाश जारी है।

Exit mobile version