बॉयफ्रेंड के घर के सामने बारिश में धरने पर बैठी गर्लफ्रेंड, परिवार वालों ने स्वीकार किया बहू

2203

गोरखपुर। कुशीनगर के एक गांव में एक लड़की अपने बॉयफ्रेंड के घर के सामने धरने पर बैठ गई। इस बीच बारिश शुरू हो गई लेकिन लड़की टस से मस नहीं हुई। वह तब तक वहां बारिश में भीगते हुए बैठी रही जब तक कि बॉयफ्रेंड के घरवाले शादी के लिए मान नहीं गए।

Advertisement

हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक लडकी और गांव के ही लड़के के साथ डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थी। इस बीच बॉयफ्रेंड रोजी रोटी की तलाश में विदेश चला गया। तब भी दोनों के बीच बातचीत होती रही।

इधर, लॉकडाउन में लड़का वापस घर लौटा तो एक बार फिर दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं। लड़की ने लड़के से शादी करने को कहा तो लड़का उसे टरकाने लगा।

रविवार की शाम लडकी के सब्र का बांध टूट गया। वह बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गई। उसने बॉयफ्रेंड के परिवारवालों से बात की। बात नहीं बनी तो वहां धरने पर बैठ गई। बारिश में भी वहीं बैठी रही।
लडके की मां ने ग्राम प्रधान जयकिशुन से मामले क़ो हल कराने की मांग की। लेकिन लड़की शादी करने के अलावा कुछ मानने को तैयार नहीं थी। लड़की के परिवारवालों ने भी कह दिया हमें लड़की से कोई मतलब नहीं।

इस बीच गांववालों ने लड़के के परिवार को समझाने की कोशिश की। दोपहर बाद लड़के के घरवालों का दिल पसीजा। उन्‍होंने लड़की को घर की बहू बनाने पर सहमति दे दी। इसके बाद बारिश में भीग रही लड़की को घर में लाया गया। लड़के ने उसे जीवन संगिनी मान लिया।