खजनी के ब्लॉक प्रमुख का तख्तापलट, भाजपा की जीत
समाजवादी पार्टी से बीजेपी ने एक और प्रमुख पद की कुर्सी छीन ली है। खजनी ब्लाॅक प्रमुख पद पर सपा के कपिलमुनि यादव को हराकर विकास सिंह नए प्रमुख बन गए हैं।
विकास सिंह ने कपिलमुनि यादव को काफी अंतर से हराया है। कुल 97 बीडीसी वाले इस ब्लाॅक में नवनिर्वाचित प्रमुख विकास सिंह को 66 मत मिले हैं।
बता दें कि पंचायत चुनाव के दौरान हुए प्रमुख चुनाव में समाजवादी पार्टी के राजमन यादव निर्विरोध प्रमुख चुने गए थे। करीब दो साल बाद बीजेपी की सरकार बनते ही राजमन यादव के खिलाफ बीडीसी एकजुट होने लगे। लोकसभा उपचुनाव के बाद खजनी प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। मई माह में अविश्वास पर चर्चा के दौरान 66 बीडीसी ने खिलाफ में वोट किया और समाजवादी पार्टी के प्रमुख राजमन यादव की कुर्सी चली गई।
सितंबर माह में ब्लाॅक प्रमुख के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हुआ। खजनी ब्लाॅक में दो प्रत्याशी मैदान में थे। भाजपा के विकास सिंह और समाजवादी पार्टी से कपिलमुनि यादव। शनिवार को इस सीट के लिए मतदान हुआ। दोपहर बाद परिणाम आया जिसमें भाजपा के विकास सिंह निर्वाचित हुए।