Home न्यूज़ विकास दुबे अब भी गिरफ्त से बाहर, इनाम बढ़ा कर एक लाख...

विकास दुबे अब भी गिरफ्त से बाहर, इनाम बढ़ा कर एक लाख हुआ, साथी मुठभेड़ में घायल

लखनऊ। कानपुर में दिल दहला देने वाले घटना में आठ पुलिसकर्मियों के शहीद करने वाले मुख्य आरोपी विकास दुबे इस समय प्रदेश का मोस्ट वांटेड अपराधी है। 60 घण्टे से भी ज्यादा बीत जाने पर भी विकास दुबे के गिरफ्त में न आने के बाद एडीजी ने उसपर इनाम की धनराशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दी है।

कानपुर में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को दी गयी श्रद्धांजलि

वहीं दूसरी ओर पुलिस अब तक उसके 21 साथियों की पहचान कर चुकी है, जिसमें एक साथी को देर रात कल्याणपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगी है और पुलिस की निगरानी में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कल्याणपुर पुलिस ने शनिवार देर रात विकास दुबे के साथी दयाशंकर अग्निहोत्री उर्फ कल्लू को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। वह वारदात के बाद से फरार था और कल्याणपुर के आसपास सक्रिय रहता था।

यहीं पर विवादित जमीनों के कारोबार में विकास दुबे का साथ देता था, उसपर कल्याणपुर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दो मुकदमे हत्या के प्रयास और एक मुकदमा आर्म्स एक्ट का है।
शनिवार देर रात पुलिस को कल्लू की लोकेशन जवाहरपुरम पुलिया के पास मिली, इसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी की तो कल्लू ने भागने का प्रयास किया। बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए उसे पकड़ लिया।

पुलिस से मुठभेड़ में घायल विकास दुबे का साथी कल्लू

एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि मुठभेड़ में दयाशंकर अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसके बाएं पैर में गोली लगी है। उससे पूछताछ करके विकास दुबे के बारे में भी अन्य जानकारियां हासिल की जा रही हैं।

Exit mobile version