कानपुर में पुलिस अफसरों सहित आठ पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाला कुख्यात विकास दुबे भले ही कई लोगों की ज़िन्दगी ख़त्म कर चुका है। अपराध की दुनिया में उसका दबदबा है, लेकिन परिवार को उसने इस सब से दूर रखा है।
इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि विकास दुबे के परिवार के कई सदस्य अच्छी जगहों पर हैं। कोई भी कानपुर में गांव में नहीं रहता। विकास दुबे अकूत संपत्ति भी जुटा चुका है।
हालांकि इतने बड़े अपराध के बाद भी अब तक विकास दुबे को पकड़ा नहीं जा सका है। उस पर ढाई लाख का इनाम घोषित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे जिला पंचायत सदस्य है, लेकिन वह कानपुर की बजाय लखनऊ में रहती है। रिचा दुबे को भी विकास के अपराधों की जानकारी रहती थी, लेकिन उसने खुद को और बच्चों को इन सब से दूर रखा है।
इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि विकास दुबे का एक बेटा इंग्लैंड में रहता है। जानकारों के अनुसार, विकास का बेटा इंग्लैंड में एमबीबीएस कर रहा है। जबकि दूसरा बेटा यहीं किसी अच्छे स्कूल से 12वीं कर रहा है।
विकास ने बनाई है अकूत संपत्ति
विकास दुबे के पास अकूत संपत्ति है। उसने कमाई के कई कानूनी गैरकानूनी माध्यम विकसित किये हैं। कई लक्ज़री कारें, कानपुर के अलावा लखनऊ में भी घर ह। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विकास के कई कॉलेज चलते हैं। ईंट भट्टे भी हैं। इसके अलावा विकास कई अवैध कामों से भी जुड़ा हुआ था।
आसपास के लोग इस वजह से करते थे समर्थन
विकास दुबे का राजनीति में अच्छा दखल था. चुनाव के समय नेताओं को वोट बैंक के लिए विकास की ज़रूरत पड़ती थी और सभी वहाँ हाजिरी लगाते थे। विकास अपने इलाके में लोगों की खुलकर मदद भी करता था।
इसी वजह से कई लोग उसका समर्थन भी करते थे। विकास के खिलाफ कुल 60 मुक़दमे थे, इसके बाद भी वह बचा रहा। विकास की बड़े स्तर पर सांठगाँठ थी, जिसकी वजह से वह इतने सालों तक बचा रहा।
पुलिस भी उसका साथ देती थी। 2001 में तत्कालीन बीजेपी सरकार में राज्यमंत्री की थाने में हत्या कर दी थी, इसके बाद भी थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मी गवाही से मुकर गए थे।