आज महाराणा प्रताप में ‘मामा और योगी’ करेंगे CAA के पक्ष में जनसभा को संबोधित
CAA यानी नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में संगोष्ठी और जनसंपर्क अभियान के बाद आयोजित महारैली का मंच रविवार को सजने जा रहा है। रैली के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी महत्वपूर्ण होगी। दोनों नेता मंच से कानून की खासियत और उपयोगिता बताएंगे और इसे लेकर विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करेंगे।
दिन में 12 बजे होने वाली रैली में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के अलावा भाजपा के संगठनात्मक क्षेत्र के 12 जिलों के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाली इस महारैली की तैयारियों को शनिवार को अंतिम रूप दिया गया। एक लाख लोगों के आने की संभावना है और इसे लेकर पूरी तैयारी है। अधिक से अधिक लोग रैली में शामिल हों, इसकी व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है।