लखनऊ पहुंची कोविशील्ड की साढ़े तीन लाख डोज, वैक्सीनेशन में तेजी आने की उम्मीद
यूपी में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए कोविशील्ड वैक्सीन की साढ़े तीन लाख डोज की खेप एयर इंडिया के विमान से मुंबई से लखनऊ लाई गई। उम्मीद की जा रही है कि इससे प्रदेश में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ेगी।
बता दें कि सोमवार को प्रदेश के 11 और जिलों में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। अभी सात जिलों में यह अभियान चल रहा है। यानी अब सभी नगर निगमों वाले जिलों में 18 पार वालों का वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा।
प्रदेश में शुक्रवार तक एक करोड़ 7 लाख 92 हजार 69 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें 60 लाख 83 हजार 442 पुरुष और 47 लाख 6 हजार 768 महिलाएं शामिल हैं।