कल जारी हो सकती है भाजपा के पंचायत चुनाव प्रत्याशियों की लिस्ट

354

पंचायत चुनाव में पहले और दूसरे चरण की जिला पंचायत सदस्य सीटों के प्रत्याशियों की सूची पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर अहम बैठक 1 अप्रैल (गुरुवार) को होगी।

Advertisement

इस बैठक के बाद इन दोनों चरणों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दिए जाने की उम्मीद है। बैठक में भाजपा के सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों की सूची के साथ हाजिर होंगे।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, पंचायत चुनाव के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक के साथ ही प्रदेश के पदाधिकारी और क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष क्षेत्र की पहले व दूसरे चरण की जिला पंचायत सदस्यों की सीटों के लिए तय प्रत्याशियों की सूची प्रस्तुत करेंगे।

प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद प्रदेश कमेटी इस सूची को अनुमोदित करेगी। यदि किसी सीट पर कोई मतभेद होगा तो उसका समाधान किया जाएगा। प्रदेश मुख्यालय पर होने वाली इस बैठक के लिए मंगलवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रत्याशियों की सूची को फाइनल करने में जुटे हुए थे।

भाजपा पंचायत चुनाव के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक का कहना है कि चरणबद्ध तरीके का कार्यक्रम आयोग ने घोषित किया है। प्रत्याशियों के चयन का काम चल रहा है।

पार्टी मजबूती के साथ पंचायत चुनाव लड़ने जा रही है। गौरतलब है कि पहले चरण की सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया तीन अप्रैल से और मतदान 15 अप्रैल को है जबकि दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया सात अप्रैल से और मतदान 19 अप्रैल को है।