गोरखपुर के डॉक्टर्स का कमाल कट कर अलग हो गए हाथ को 8 घंटे बाद भी जोड़ दिया
गोरखपुर। पड़ोसी जिले बिहार में तेल मिल की मशीन में काम करते वक्त फंसकर एक व्यापारी का दाहिना हाथ उखड़ कर अलग हो गया। नॉक डाउन में ऐसी दुर्घटना होने पर सभी परेशान हो गए। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और कटे हाथ को लेकर 130 किलोमीटर दूर गोरखपुर आगए।
यहां डॉक्टरों ने 7 घंटे तक जीतोड़ मेहनत के बाद ऑपरेशन से हाथ जोड़ दिया। इस दौरान कुछ नसों में सड़न शुरू हो गया जिससे 10 सेंटीमीटर हाथ काटना पड़ा। अब हाथ में रक्त संचार शुरू हो चुका है। उंगलियों में हरकत शुरू हो गई है। इस ऑपरेशन में 8 डॉक्टरों की टीम लगी रही।
घटना बीते 22 मार्च की है। पश्चिमी चंपारण के बगहा के रहने वाले विजय कुमार अग्रवाल की तेल मिल चलाते हैं। 22 मार्च को मिल में सरसों की पेराई मशीन चल रही थी। इस दौरान उन्होंने मशीन में खली साफ करने के लिए दायां हाथ डाला। हाथ में वह कड़ा पहने थे। कड़ा नट में फंसने से हाथ मशीन में खिंचता चला गया। इसके कारण हाथ कोहनी के पास से ही उखड़कर अलग हो गया।