गोरखपुर। कैंट इलाके के मोहद्दीपुर स्थित रामगढ़ताल पुल के नीचे बुधवार की सुबह 40 वर्षीय एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मोहद्दीपुर व एयरफोर्स चौकी की पुलिस पहुंच गई।
Advertisement
फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान होने पर पुलिस ने उसके घरवालों को सूचना दी। पता चला कि मंगलवार की रात में वह भाइयों से विवाद कर घर से निकला था।
जानकारी के अनुसार लोगों ने बुधवार की सुबह रामगढ़ताल पुल के नीचे एक युवक का शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
युवक के शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नहीं था। युवक की जेब से एक मतदाता पहचान पत्र मिला। जिसपर अश्वनी सिंह 40 पुत्र महेश सिंह निवासी सी 102/55 रेलवे कॉलोनी मोहद्दीपुर लिखा था।
पुलिस उस पते पर सिपाहियो को भेजकर पहचान कराई है। अश्वनी के पिता महेश सिंह रेलवे में दैनिक मजदूरी करते हैं। अश्वनी तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। सभी भाई एक साथ ही रहते थे। किसी बात को लेकर झगड़ाकर वह मंगलवार की रात में आठ बजे घर से निकला था।
बुधवार की सुबह ताल में उसकी लाश मिली। अश्वनी एक हास्पिटल में तीन साल पहले काम करता था। बाद में उसने बैट्री वाली आटो खरीद कर उसे चलाता था।
अन्य भाई भी मजदूरी करते हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में शराब के नशे में पुल से गिरकर मौत होने की आशंका लग रही है।