गोरखपुर में किशोरी से रेप, सिगरेट से दागा शरीर, पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा

508

गोरखपुर। प्रदेश में हैवानियत की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। लखीमपुर खीरी में नाबालिग के साथ दरिंदगी के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

Advertisement

गोरखपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के जानीपुर इलाके के एक गांव में शुक्रवार रात घर से बाहर पानी लेने निकली किशोरी को दो युवकों ने अगवा कर लिया।

सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की और शरीर को सिगरेट से कई जगहों पर जला दिया।

बताया जा रहा कि शनिवार सुबह लड़की परिजनों को अचेत अवस्था में तालाब के किनारे मिली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

अब तक कि जानकारी के मुताबिक, बड़हलगंज इलाके का रहने वाला शख्स गोला क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। भट्ठे के पास ही किराए पर कमरा लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। शुक्रवार रात उसकी 17 साल की बेटी घर के बाहर स्थित हैंडपंप पर पानी लेने गई थी।

आरोप है कि डेहरीभार गांव निवासी अर्जुन अपने साथी महेश के साथ पहुंचा और किशोरी को जबरन बाइक पर बैठा लिया। शोर मचाने पर मुंह दबा दिया। सुनसान जगह पर ले जाकर दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। अचेत होने पर किशोरी को छोड़कर भाग गए।