Home न्यूज़ खुदाई के दौरान मिले चांदी के सिक्के, बंटवारे को लेकर चाचा भतीजे...

खुदाई के दौरान मिले चांदी के सिक्के, बंटवारे को लेकर चाचा भतीजे में बवाल

मिर्जापुर। जिले के बकियाबाद सोनउर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर खेत में खोदाई के दौरान कुछ चांदी के सिक्के मिले। सिक्के के बंटवारे को लेकर चाचा भतीजे में विवाद हो गया। इसका फायदा उठाकर कुछ ग्रामीण सिक्के लेकर भाग गए।

इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार को अधिकारियों की मौजूदगी में खोदाई हुई। इस दौरान चांदी के सात सिक्के मिले। इसे अधिकारियों ने कब्जे में ले लिया। गांव में मोती पाल का खेत है। वह बृहस्पतिवार को भतीजे सरोज की जेसीबी से खोदाई करा रहा था। इसी दौरान सुबह लगभग 11 बजे कुछ सिक्के मिले।

जानकारी होने पर उसका भतीजा पहुंचा और उसमें अपना हिस्सा मांगने लगा। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इसका फायदा उठाकर कुछ ग्रामीण सिक्के लेकर भाग गए।

इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे उपजिलाधिकारी जंग बहादुर यादव और पुलिस उपाधीक्षक सुशील कुमार यादव की मौजूदगी जेसीबी से खोदाई शुरू कराई गई। इस दौरान 1862, 1877, 1878, 1872, 1900, 1904 व 1905 के कुल सात चांदी के सिक्के मिले। इसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

मोतीलाल ने बताया कि खेत ऊंचाई पर होने के चलते पानी कुएं एवं तालाब का पानी खेत तक नही पहुंच पा रहा था। इसी कारण खोदाई हो रही थी। उधर, पुलिस सिक्के लेकर चंपत होने वाले ग्रामीणों का पता लगाने में जुटी है। उपजिलाधिकारी चुनार जंग बहादुर यादव का कहना है कि खोदाई में मिला धन सरकार का होता है। रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपते हुए चांदी के सातों सिक्कों को ट्रेजरी में जमा कराया जाएगा।

Exit mobile version