देवेश फाउंडेशन के पहल पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

391

ऊरूवा/गोरखपुर। ऊरूवा क्षेत्र के ग्राम परसा बुजुर्ग में देवेश फाउंडेशन एक नई प्रेरणा के तत्वावधान में निर्माणाधीन सिद्धिदात्री माँ दुर्गा मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Advertisement

गांव के बुजुर्ग शम्भू शरण तिवारी ने सर्वप्रथम एक पौधा लगाकर कार्यक्रम को आरम्भ किया। उन्होंने बताया बचपन से ही हम लोग पौधे लगाते आ रहे हैं।

पौधा लगाना और उसका पालन व संरक्षण करना आने वाली पीढ़ी के लिए अत्यन्त आवश्यक है। भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त श्याम नारायण तिवारी ने पौधा लगाते हुए ग्रामीणों से निवेदन किया कि पौधा लगाने से हमें शुद्ध वायु मिलती है।

हरियाली देखते रहने से हमारी आंखे जीवन भर ठीक रहती हैं। गांव के ही चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि गांव के सभी लोगों को प्रति वर्ष पर्यावरण दिवस व अपने जन्मदिन के अवसर पर पौधा लगाना चाहिए।

साथ ही उसके पोषण व संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षक सच्चिदानंद त्रिपाठी ने पौधा लगाते हुए कहा कि प्रकृति भी हमारी माँ है। प्रकृति माँ के प्रति अपनी कृतज्ञता अर्पित अर्पित करते हुए वन संपदा के संवर्धन पर कार्य करते रहना चाहिए।

आज प्रकृति स्वयं के अस्तित्व की रक्षा के लिए जूझ रही है। मनुष्य धरती का दोहन नहीं, शोषण कर रहा है। इस धरा से जितना लीजिए, उतना वापस कीजिए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने प्रण किया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगायेंगे। साथ ही उसका आजीवन पोषण व संरक्षण भी करेंगे।