चीन से तनाव के बीच भारत बना संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य, निर्विरोध हुआ चुनाव
नई दिल्ली। चीन के साथ सीमा विवाद और भारी तनाव के बीच भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का गैर-स्थायी सदस्य निर्विरोध चुन लिया गया है। एशिया-प्रशांत श्रेणी की सीट से भारत आठवीं बार गैर-स्थायी सदस्य बना है।
बहुपक्षीय प्रणालियों में सुधार के लक्ष्य के साथ भारत इस कार्यकाल का बेहतर उपयोग करके एक स्थायी सीट के अपने दावे को आगे बढ़ा सकेगा। सीट के लिए दावेदार सात देशों में, भारत 2021-22 के लिए क्षेत्र से निर्विरोध था।
भारत संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के एशिया-प्रशांत समूह का समर्थन प्राप्त करने वाला एकमात्र उम्मीदवार था और इस मुकाबले में कोई देश नहीं आया। 15 सदस्यीय परिषद में पांच अस्थायी सीट में से एक के लिए भारत का चुनाव किया गया है। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र में कुछ राजनयिकों ने इसके लिए काफी आंतरिक प्रयास किए हैं।