गोरखपुर। मुंबई की रहने वाली लड़की एक जुलाई को गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव में अपने बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गई। बॉयफ्रेंड के साथ परिलेशनशिप की जानकारी देकर वह शादी का दबाव बनाने लगी।
Advertisement
लड़के ने किसी भी तरह के रिलेशनशिप से साफ इनकार कर दिया। लड़की जब जिद पर अड़ गई तो लड़के ने पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस दोनों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
गुलरिहा के भटहट क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला लड़का मुंबई के पनवेल में रह कर फर्नीचर का काम करता था। पनवेल में काम करने के दौरान एक लड़की से उसकी मुलाकात हुई।
पहले उनके बीच दोस्ती हुई बाद में प्रेम संबंध हो गया। लड़की का भी पैतृक गांव कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र में है। लॉकडाउन से कुछ दिन पहले लड़का गांव चला आया। उधर, लड़की उसका इंतजार करती रही।
लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी जब वह मुंबई नहीं पहुंचा तो लड़की एक जुलाई को गोरखपुर आकर उसके घर पहुंच गई। लड़के के परिवार के लोगों से उसके साथ अपना संबंध होने की बात कह कर शादी का दबाव बनाने लगी। हालांकि लड़का उसके साथ किसी भी प्रकार का संबंध होने से इंकार करता रहा।
लड़की के दबाव बनाने पर युवक ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस गांव पहुंच कर दोनों को थाने लेते आई। शुक्रवार को लड़की ने गुलरिहा पुलिस को तहरीर देकर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया।
गुलरिहा थानेदार मनोज कुमार राय ने बताया कि लड़की ने तहरीर दी है। लड़के को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।