नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को कोरोना दिशा निर्देशों में संशोधन करते हुए विदेश से आने वाले लोगों को भारत आने की अनुमति दे दी है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने ‘इलेक्ट्रॉनिक’, पर्यटन और चिकित्सा श्रेणियों को छोड़कर सभी मौजूदा वीजा तत्काल प्रभाव से बहाल करने का फैसला किया है।
केंद्र सरकार ने पर्यटक वीजा छोड़कर, सभी सीटिजन ऑफ इंडिया (ओआईसी) और पर्सन ऑफ इंडिया ओरिजिन (पीआईओ) कार्ड धारकों और अन्य विदेशी नागरिकों को किसी भी उद्देश्य से भारत आने की अनुमति दे दी है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चिकित्सा उपचार के लिए भारत आने के इच्छुक विदेशी नागरिक मेडिकल वीजा के लिए मेडिकल अटेंडेंट सहित आवेदन कर सकते हैं।
बता दें कि कोरोना महामारी के कारण लागू हुए लॉकडाउन के कारण सरकार ने तमाम आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था।
धीरे-धीरे इसमें छूट दी जा रही है। वहीं सरकार वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों से लगातार भारतीयों को वापस ला रही है।