बढ़ी ठंड, अगले 2 दिनों में बारिश की संभावना

690

गोरखपुर। पूर्वी यूपी में बीते 11 दिनों से कोल्ड-डे (सर्द दिन) बना हुआ है। वर्ष 1977 के बाद से यह सबसे ज्यादा सर्द दिसंबर बन गया है। इससे पहले 2014 व 2016 में लगातार 8 दिन कोल्ड-डे रहा था। सोमवार को भी कोल्ड-डे रहा।

Advertisement

सोमवार को मौसम ने राहत नहीं दी। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस (डिसे) हो गया। यह सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। सोमवार को न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे निचले पायदान पर रहा। इसके कारण गलन बढ़ गई। रात में और तड़के हाड़ कंपाती ठंड का अहसास हुआ।

बर्फीली हवा के कारण बेअसर रही धूप
सोमवार को सुबह नौ बजे से सूरज कोहरे की चादर चीर कर निकला। दिन में तेज धूप खिली। हालांकि पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा के कारण धूप बेअसर रही। सोमवार को 9 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चली। धूप के कारण दिन में तापमान 14.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 10 डिग्री कम है।

कोहरे ने भी तोड़ा रिकार्ड
इस महीने में कोहरा भी लगातार बना रहा। कोहरे ने दो दशक का रिकार्ड तोड़ दिया। बीते 26 दिनों से कोहरा चल रहा है। इसके कारण गलन बढ़ी है।

मौसम विशेषज्ञ केसी पाण्डेय ने बताया कि हवा का रुख बदल रहा है। नए साल के पहले दिन बादल छाएंगे। दो जनवरी से पूर्वी यूपी में तीन दिनों तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश के बाद एक बार फिर से पारा लुढ़केगा।