अलीगढ़। यूँ तो भारतीय शादियों में फूफा का नाराज होना हंसी मजाक में लोग कहते रहते हैं। कुछ ऐसा ही सच मामला यूपी के अलीगढ़ से सामने आया है।
यहाँ दूल्हे के बहनोई को खाने में स्वाद नहीं आया और इस बात को लेकर बहनोई का दुल्हन के भाई से लड़ाई हो गई।
बुलंदशहर के खुर्जा से बुधवार को गांव सिकंदरपुर कोटा में बरात आई थी। मध्य रात्रि शादी की तमाम रस्में पूरी हो चुकी थीं।
बराती डीजे पर डांस कर रहे थे। तभी दूल्हे के बहनोई ने खाने पर सवाल खड़ा करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे पर डीजे तक बंद कर दिया गया।
अलीगढ़ जनपद में जवां क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर कोटा में खाने के स्वाद को लेकर हुए इस विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि बरात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
इस दौरान दूल्हे के बहनोई ने खाना बेस्वाद होने का मुद्दा उठाया था जिसे लेकर विवाद बढऩे पर मारपीट तक हो गई।
तमाम रिश्तेदार बहनोई को समझाने लगे। दुल्हन का भाई भी उन्हें समझाने लगा। मगर बात बनने के बजाय बिगड़ने लगी और मारपीट तक हो गई।
बस इसी बात पर बखेड़ा खड़ा हो गया और पुलिस को फोन कर दिया गया।
मामले की सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पुलिस भी पहुँच गयी। लेकिन देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गयी की दूल्हा पक्ष खाने के खर्च के रुपये देकर बिना दुल्हन के बरात वापस ले गया।