ब्रेकिंग: तरकुलवा में भरी पंचायत के सामने ही युवती की चाकू घोंप कर हत्या

380

देवरिया के तरकुलवा क्षेत्र में रविवार को मेड़ की पंचायत के दौरान एक युवती की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई।

Advertisement

युवती के पिता भी चाकू लगने से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

तरकुलवा के शाहपुर पुरैनी गांव में विक्रम गोंड़ और शिव अवतार गुप्ता के बीच खेत की मेड़ को लेकर काफी समय से विवाद है।

उसी मामले में रविवार को विक्रम गोड़ के दरवाजे पर दोनों पक्षों में पंचायत चल रही थी। पंचायत में नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि उसी दौरान शिव अवतार गुप्ता का लड़का रामभरोसा चाकू लेकर पहुंचा और विक्रम गोंड़(52) व उनकी बेटी काजल (20) के ऊपर हमला बोल दिया।

उसने काजल के पेट व सीने पर कई वार कर दिए जिससे उसकी मौत हो गई जबकि विक्रम गोंड़ के सिर में चाकू लगा है। उनका जिला अस्पताल में इलाज किया गया।

घटना की सूचना पर पहुंचे तरकुलवां के थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने आरोपी रामभरोसा और उसके पिता शिव अवतार को हिरासत में ले लिया।

जिला अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। सीओ निष्ठा उपाध्याय ने भी मौके पर पहुंच कर वारदात की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि विक्रम गोड़ और शिव अवतार गुप्ता के परिवार के बीच मेड़ का विवाद है। शिव अवतार ने मेड़ काट दिया था उसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पंचायत चल रही थी।

उसी दौरान शिव अवतार के बेटे ने विक्रम गोड़ की बेटी काजल के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।