असम-मिजोरम के बीच सीमा पर भारी विवाद, हिंसक झड़प में 6 पुलिस जवान शहीद

538

नई दिल्ली। असम-मिजोरम सीमा पर तनाव के बीच हुई हिंसा में सोमवार को असम पुलिस के 6 जवानों की मौत हो गई. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

Advertisement

दोनों राज्यों के बीच पिछले कुछ दिनों में तनाव लगातार बढ़ा है और सोमवार को पत्थरबाजी की तस्वीरें भी सामने आई.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसके बाद सीमा विवाद पर असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से बात की और शांति सुनिश्चित करने के लिए कहा.

हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार शाम ट्विटर पर बताया, “मुझे यह बताते हुए बहुत दुखी हो रही है कि असम-मिजोरम बॉर्डर पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के 6 जवानों ने अपनी जान गंवा दी. मृतक जवानों के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है.”

इससे पहले असम पुलिस ने दावा किया था कि मिजोरम से बड़ी संख्या में “बदमाशों” ने पथराव किया और असम सरकार के अधिकारियों पर हमला किया.

सोमवार को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और एक-दूसरे की पुलिस को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया.