आंध्र प्रदेश की एक नहीं 3 राजधानियां होंगी, प्रस्ताव को मंजूरी
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में अब एक नहीं बल्कि 3 राजधानियां होंगी। यहां भारी विरोध के बीच विधानसभा ने तीन राजधानी वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जिसके मुताबिक अब विशाखापटनम, कुरनूल और अमरावती आंध्र प्रदेश की तीन राजधानियां होंगी। विधानसभा में आज आंध्र प्रदेश विकेंद्रीकरण और सभी क्षेत्रों के लिए समान विकास अधिनियम 2020 पेश किया गया। इस प्रस्ताव को नगर विकास मंत्री बी सत्यनारायण ने रखा।
हर जोन में 3-4 जिले होंगे प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करने वाले वित्त मंत्री बी राजेंद्रनाथ ने कहा कि सरकार राज्य को 4 जोन में बांटकर विकास का नया फॉर्मूला पेश करना चाहती है। इसके तहत हर जोन में 3-4 जिले होंगे। उन्होंने कहा कि अब राज्य में जोनल डेवलपमेंट बोर्ड बनाए जाएंगे, जिससे पूरे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। अमरावती राज्य की विधायी राजधानी होगी। जबकि विशाखापटनम कार्यकारी राजधानी और कुरनूल न्यायिक राजधानी होगी। इसके अलावा राजभवन और सचिवालय विशाखापटनम में स्थापित होंगे।