AMU के विवाद पर राज बब्बर का तंज, चुनाव बाद जिन्ना चले जाएंगे पाकिस्तान

1123

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने एएमयू विवाद पर तंज कसते हुए कहा है कि चुनाव के बाद जिन्ना पाकिस्तान जाकर कब्रिस्तान में सो जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में फायदे के लिए प्रदेश के माहौल को खराब किया जा रहा है। जनता को इससे सावधान रहने की जरूरत है। राज बब्बर ने कहा कि जनता मोदी और योगी सरकारों से जल्द मुक्ति चाहती है।

Advertisement

राज बब्बर सोमवार को तूफान पीड़ितों का हाल जानने के लिए आगरा में थे। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली। इस दौरान राज बब्बर कहा कि प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर आपदा के बाद भी पीड़ितों से मुआवजे के नाम पर छल कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुआवजे और राहत पर सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। पीड़ितों की मदद सरकारी आंकड़ों के हिसाब से हो रही है, जो व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकृतिक आपदा से पीड़ितों को मानवीय आधार पर मदद की जरूरत है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक दौरा बीच में ही छोड़कर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे और मेडिकल कॉलेज में भर्ती आपदा पीड़ितों से मिले थे। मेडिकल कॉलेज में चादर गंदी मिलने पर सीएम योगी ने जमकर फटकार भी लगाई थी।

उल्लेखनीय है कि आगरा समेत सूबे के कई जिलों में अचानक आए आंधी-तूफान से 73 लोगों की मौत हो गई है और 91 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आगरा में तूफान से सबसे ज्यादा तबाही हुई है। कांग्रेस और सपा ने प्राकृतिक आपदा की घड़ी में मुख्यमंत्री के कर्नाटक में चुनाव प्रचार को लेकर सवाल उठाए थे।