AMU के विवाद पर राज बब्बर का तंज, चुनाव बाद जिन्ना चले जाएंगे पाकिस्तान
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने एएमयू विवाद पर तंज कसते हुए कहा है कि चुनाव के बाद जिन्ना पाकिस्तान जाकर कब्रिस्तान में सो जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में फायदे के लिए प्रदेश के माहौल को खराब किया जा रहा है। जनता को इससे सावधान रहने की जरूरत है। राज बब्बर ने कहा कि जनता मोदी और योगी सरकारों से जल्द मुक्ति चाहती है।
राज बब्बर सोमवार को तूफान पीड़ितों का हाल जानने के लिए आगरा में थे। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली। इस दौरान राज बब्बर कहा कि प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर आपदा के बाद भी पीड़ितों से मुआवजे के नाम पर छल कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुआवजे और राहत पर सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। पीड़ितों की मदद सरकारी आंकड़ों के हिसाब से हो रही है, जो व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकृतिक आपदा से पीड़ितों को मानवीय आधार पर मदद की जरूरत है।