आगरा। पड़ोस में रहने वाली लड़कियों के आतंक से त्रस्त एक युवक ने फेसबुक पर खुदकुशी की पोस्ट अपलोड कर दी है। जानकारी होने पर लोगों ने पुलिस को बता दिया। इसके बाद साइबर सेल युवक के बारे में जानकारी करने का प्रयास कर रही थी। उसने अपनी पोस्ट में कुछ लड़कियों और महिलाओं को खुदकुशी का जिम्मेदार बताया है।
मगर, रहने वाला कहां का है? यह स्पष्ट नहीं किया है। हालांकि पोस्ट में लडकियों और महिलाओं के नाम खोल दिए हैं। जब तक पुलिस उस युवक को खोज पाती, तब तक युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसकी हालत गंभीर है।
फेसबुक पर मंगलवार सुबह युवक ने पोस्ट की है। इसमें उसने लिखा है कि वह पड़ोसी दो लड़कियों से बहुत दुखी हो चुुका है। मुझे और मेरी मां को ये लड़कियों बहुत परेशान कर रही हैं। मेरे खिलाफ झूठे केस करती हैं। लगभग एक वर्ष से पीछे पड़ी हैं। कभी छेड़छाड़ का आरोप लगाती हैं तो कभी दुष्कर्म का। मैंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन यह नहीं मानीं। अब सीतापुर से एक फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। जबकि आजतक मैं सीतापुर नहीं गया। मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान हो चुका हूं। इसलिए खुदकुशी कर रहा हूं। मेरी मौत की जिम्मेदारी दो लड़कियों और उनकी दो सहेलियों की होगी।
समाजसेवी नरेश पारस ने इस पोस्ट को देखते ही एसएसपी के सीयूजी नंबर पर काल करके इसकी जानकारी दी। इसके बाद ट्वीट भी कर दी। युवक आगरा का रहने वाला है, लेकिन किस इलाके का है? यह अभी जानकारी नहीं है।
एसएसपी मुनिराज जी ने मामले की जांच साइबर सेल को दी है। फेसबुक प्रोफाइल के आधार पर पुलिस उसका पता जानने का प्रयास कर रही थी। जब तक साइबर सेल ने युवक को खोजा, तब तक वह आत्मघाती कदम उठा चुका था।
@agrapolice न्यूआगरा क्षेत्रान्तर्गत में एक व्यक्ति उम्र करीब 25 वर्ष द्वारा फैसबुक के माध्यम से आत्महत्या करने की पोस्ट डालने के दौरान पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही करने के सम्बंध में पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा दी गयी बाईट।@Uppolice pic.twitter.com/Ginyq4vrsQ
— AGRA POLICE (@agrapolice) March 30, 2021
फेसबुक प्रोफाइल के आधार पर पुलिस ने एक घंटे में ही युवक को ट्रैस कर दिया। न्यू आगरा क्षेत्र के ख्वासपुरा निवासी युवक ने फेसबुक पर पोस्ट डालने के बाद विषाक्त पी लिया था। उसको स्वजन ने एसएन इमरजेंसी में भर्ती करा दिया है।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा ने बताया कि युवक का मजिस्ट्रेट के सामने मृत्यु पूर्व का बयान दर्ज कराया जा रहा है। वह पड़ोस में रहने वाली युवती द्वारा उत्पीड़न की बात कह रहा है। पिछले दिनों सीतापुर कोतवाली में उसके खिलाफ युवती की सहेलियों ने मुकदमा दर्ज करा दिया था। तभी से वह परेशान चल रहा था।