पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक शाहपुर से गिरफ्तार

514

गोरखपुर। पूर्व सीएम और सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले युवक को गोरखपुर की कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने में इस्तेमाल मोबाइल भी जप्त कर लिया गया है।

Advertisement

शाहपुर क्षेत्र के हनुमंतनगर निवासी पंकज गिरी को गिरफ्तार किया गया है। पंकज ने पूर्व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की थी। अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी किए जाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश था।

सपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर गोरखपुर की कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी के साथ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी।

क्या है मामला?

पूर्व मुख्यमंत्री 29 मई को एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उस कार्यक्रम की वीडियो पार्टी के आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट की गई थी। आरोप है कि उसी पोस्ट पर पंकज गिरी नाम के व्यक्ति ने पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर अभद्र टिप्पणी की है।

इस मामले में गबीश दुबे की तरफ से दी गई तहरीर में इसे घोर आपराधिक कृत्य बताते करार देते हुए अविलंब मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। कैंट के प्रभारी थानेदार विवेक मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आइटी एक्ट और अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

सपा जिलाध्‍यक्ष ने दी थी आंदोलन की चेतावनी

समाजवादी पार्टी के जिलाध्‍यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी। सपा जिलाध्‍यक्ष ने कहा था कि यदि उक्‍त आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आंदोलन को बाध्‍य होंगे।