संतकबीरनगर के बौरब्यास गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत
घटना शुक्रवार सुबह की है। इसकी जानकारी गांव के चौकीदार को हुई तो उसने थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संदेह होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया।
बौरब्यास निवासी प्रताप पाठक के बड़े बेटे रामेश्वर पाठक उर्फ भोला पाठक की शादी बीते दो जून को सिद्धार्थनगर के नौगढ़ के मोहल्ला थरौली निवासी रिंकी (26) के साथ हुई थी। रिंकी के मां-बाप नहीं है। उसकी शादी उसके चाचा ने कराई थी। पति रामेश्वर पाठक पूना में फर्नीचर की ठेकेदारी का काम करता है। वह 22 जून को पूना चला गया। रिंकी के ससुराल वालों का कहना है कि गुरुवार की रात में उसके पेट में दर्द हुआ।
उसे दवा दी गई। रात में वह सोई और सुबह नहीं जगी। उसे जगाया गया तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। रिंकी के चाचा का कहना है कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। अंतिम संस्कार की अनुमति दी जाए। चौकीदार की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा ईश्वर चन्द प्रधान ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर सीओ मेहदावल सुरेन्द्र सिंह और तहसीलदार वाचस्पति सिंह पहुंचे।