मानसून आने में हो सकती देरी, महाराष्ट्र में कमजोर पड़ा

1287

केरल के तटीय क्षेत्र और मुंबई में समय से पहले पहुंचने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून कमजोर पड़ गया है। ऐसे में अगले छह-सात दिन तक उसके आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं है।

Advertisement

मौसम विभाग के शनिवार को जारी पूवार्नुमान में कहा गया है कि मानसून का पैटर्न कमजोर बने रहने के कारण अगले छह-सात दिन तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। अभी मानूसन (पश्चिम से पूर्व) ठाणे और मुंबई, अहमदनगर, बुलढाणा, अमरावती, गोंदिया, टीटलागढ़, कटक, मिदनापुर, गोअलपारा और बागडोगरा तक पहुंचा है। इस बार मानसून समय से पहले 29 मई को ही केरल तट पर पहुंच गया था। इसके बाद दक्षिण भारत और मुंबई में भारी बारिश हुई। मुंबई में भी यह समय से पहले पहुंचा था। पिछले चार-पांच दिनों में इसकी प्रगति कुछ सुस्त रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 16 जून के बीच देश भर में औसतन 72.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो इसी अवधि के दीर्घावधि औसत (67.1 मिलीमीटर) से आठ प्रतिशत अधिक है। विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य रहने और औसत के 97 प्रतिशत बारिश का पूवार्नुमान जताया है। जून से सितंबर तक मानसून का मौसम माना जाता है।