गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र के गायघाट में शनिवार की रात बाइक टकराने पर मनबढ़ों ने युवक को गोली मार दी। प्राइवेट अस्पताल पहुंचने के बाद पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
Advertisement
गोली युवक के बाएं हाथ मे लगी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवक को बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह है मामला
बेतियाहाता दक्षिणी का रहने वाला 27 वर्षीय विजय कुमार शनिवार की रात में गायघाट में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था।
रात में 12 बजे के करीब बाइक से घर लौट रहा था। गायघाट चौराहे पर बाइक टकराने के बाद युवकों ने विजय को गोली मार दी।
वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। घटना की जानकारी घरवालों को देने के बाद पीड़ित इलाज कराने प्राइवेट अस्पताल चला गया।
जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। खबर मिलते ही सीओ कैंट सुमित शुक्ल, एसओ रामगढ़ताल अनिल सिंह अस्पताल पहुंच गए।
पूछताछ में विजय ने पुलिस को गोली मारने वाले युवकों का नाम बताया। जिन्हें पकड़ने पुलिस पहुंची तो वह घर पर सोते मिले।
पूछताछ में आरोपितों ने रंजिश में फसाने का आरोप लगया। गलत लोगों को फसाने का आरोप लगाते हुए रामगढ़ताल पुलिस ने विजय के पिता रामरूप को हिरासत में लिया है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस उसके परिवार को प्रताड़ित कर रही है।