ब्लॉककर्मी बनकर वसूली करते पकड़े गए भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष, वीडियो वायरल

668

गोरखपुर। गोला मंडल के भाजपा उपाध्यक्ष राधे कृष्ण दुबे का ब्लॉक कर्मी बनकर पीएम आवास योजना के लाभार्थियों से वसूली करते हुए वीडियो वायरल हो गया। जब मामला सामने आगया तो मंडल उपाध्यक्ष ने माफी मांगी और कहा कि दोबारा ऐसा नहीं होगा।

Advertisement

माफी मंगाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले की सूचना बड़हलगंज पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन भी की है। हालांकि मंडल अध्यक्ष के पैसा वापस करने के बाद मामले में समझौता हो गया।

जानकारी के मुताबिक भाजपा गोला मंडल के उपाध्यक्ष राधे कृष्ण दुबे मंगलवार को गोला ब्लॉक के ददरा गांव में ब्लॉक कर्मी बनकर पहुंच गए। उनकी बाइक के आगे बड़े अक्षरों में मंडल उपाध्यक्ष लिखा था। मंडल उपाध्यक्ष के पास हाल ही में पीएम आवास चयनित लाभार्थियों की सूची भी थी।

आरोप है कि भाजपा के मंडल पदाधिकारी छह लाभार्थियों से सौ-सौ रुपये वसूलकर चले गए। दोबारा वसूली को आए तो किसी ने ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह को मोबाइल फोन से जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की तो भाजपा के मंडल पदाधिकारी की पोल खुल गई। ग्राम प्रधान ने ही पूरे मामले की जानकारी पुलिस के हल्का इंचार्ज जनार्दन चौधरी को दी।

मौके पर आई पुलिस ने सख्ती की तो भाजपा नेता माफी मांगने लगे और वसूले गए रुपये भी वापस कर दिए। भाजपा नेता की बातचीत का किसी ने वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में भाजपा नेता माफी मांगते भी दिख रहे हैं।

गोला मंडल के भाजपा उपाध्यक्ष राधे कृष्ण दुबे ने बताया कि साजिशन फंसाया जा रहा है। जो वीडियो वायरल किया गया, वह फर्जी है। दबाव डालकर बयान दिलवाया गया है।