नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित..

452

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का शनिवार दोपहर को निधन हो गया। वे 81 साल की थी। शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रहीं।

Advertisement

शीला दीक्षित का जन्म 31 मार्च 1938 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। वे दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री भी रहीं। 2014 में उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था। हालांकि, उन्होेंने 25 अगस्त 2014 को इस्तीफा दे दिया था। वे इस साल उत्‍तर-पूर्व दिल्‍ली से लोकसभा चुनाव लड़ीं थीं। हालांकि, उन्हें भाजपा के मनोज तिवारी के सामने हार का सामना करना पड़ा था।

ये है राजनीतिक सफर

शीला दीक्षित 1984 से लेकर 1989 तक उत्तर प्रदेश के कन्नौज से लोकसभा सांसद रहीं। 1986 से 1989 तक वह राजीव गांधी के कैबिनेट में मंत्री भी रहीं। 1998 के आम चुनाव में दिल्ली की पूर्वी दिल्ली सीट से वह बीजेपी के लाल बिहारी तिवारी से हार गईं। इसी साल दिल्ली विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस उनके नेतृत्व में चुनाव जीतने में सफल रहीं। इसके बाद वह 1998 से लेकर 2013 तक वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए किया आंदोलन

शीला दीक्षित साल 1990 में अपने 82 साथियों के साथ 23 दिनों तक जेल में भी रही हैं। वह अपने 82 साथियों के साथ महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों को लेकर आंदोलन कर रही थीं, उनके आंदोलन के बाद हजारों लोग उत्तर प्रदेश की सड़कों पर समर्थन देने उतर आए थे। वहीं, 1970 के दशक में महिलाओं के लिए दो होस्टल स्थापित करने में उनका अहम योगदान माना जाता रहा है।