बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा में जमीन खिसकी, 5 अमरनाथ यात्रियों की मौत
जम्मू कश्मीर में लगातार तेज बारिश का कहर जारी है जिसके कारण अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए यात्रियों को खतरे का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू कश्मीर के गांदेरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर मंगलवार रात भूस्खलन होने से बड़ा हादसा हो गया। इसमें पांच अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
यह हादसा बालटाल मार्ग पर रेलपत्री और बरारीमार्ग के बीच हुआ है। जिसमें चार पुरूषों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 3 अमरनाथ यात्रियों की अलग-अलग कारणों से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश होने लगी। तेज बारिश के कारण बालटाल में चार अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन हुए। इनमें से तीन भूस्खलन बालटाल कैंप इलाके में हुए, जिनमें किसी के हताहत होने के समाचार नहीं हैं। इसके अलावा एक भूस्खलन अमरनाथ यात्रियों के ट्रेकिंग मार्ग रेल पथरी में हुआ। ऊपर से अचानक मिट्टी और पत्थर गिरने लगे। मलवे के अंदर कई लोग दब गए। सेना और एनडीआरएफ के जवानों में मलवे में दबे लोगों को बाहर निकाला।