नहीं टूटेगा गठबंधन, अखिलेश नहीं है गेस्ट हाउस कांड के जिम्मेदार : मायावती

512

लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद आये नतीजों से सपा और बसपा गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। प्रेस कांफ्रेंस कर मायावती ने कहा कि भाजपा के खिलाफ समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का यह गठबंधन जारी रहेगा जिससे बीजेपी एण्ड कम्पनी के लोगों को आने वाले लोकसभा के आम चुनाव में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब से सपा और बसपा की नजदीकी बढ़ी है तब से भाजपा के लोग इसे तोड़ने की साजिश में लगे हुए हैं और अनर्गल और असंसदीय टिप्पणियां कर रहे हैं। यह उनकी जातिवादी सोच को दर्शाता है।

Advertisement

मायावती ने कहा कि भाजपा के लोग उनकी पार्टी के सपा से गठबंधन के बाद से गेस्ट हाउस काण्ड की चर्चा करते घूम रहे हैं। मायावती ने कहा कि जब उनकी पार्टी ने भाजपा के साथ सरकार बनाई तो भाजपा की नजर में उनकी पार्टी बेहतर थी। बाद में भाजपा के लोगों ने उनकी सरकार क्यों गिरा दी, इस बात का जवाब दे। भाजपा के लोग बसपा के सर्वोच्च नेता के खिलाफ जातिवाद और घटिया सोच रखते थे। बीएसपी के खिलाफ भाजपा के लोग हमेशा जहर फैलाने का काम करते रहे। जब गेस्ट हॉउस कांड हुआ तब अखिलेश यादव का राजनीति से कोई लेना देना नहीं था। गेस्ट हॉउस के लिए भाजपा का अखिलेश को जिम्मेदार ठहराना उसकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

मायावती ने आगे कहा कि जिस पुलिस अधिकारी के समय गेस्ट हॉउस कांड को अंजाम दिया गया था, उसी पुलिस अफसर को योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश का पुलिस मुखिया बना दिया है। उस अधिकारी ने खड़े होकर गेस्ट हॉउस काण्ड करवाया था। मायावती ने कहा कि जिस गेस्ट हॉउस काण्ड से मेरी हत्या कराने की साजिश रची गई थी, उस समय के जिम्मेदार अधिकारी को भाजपा सरकार ने प्रदेश का पुलिस मुखिया बना दिया है।