होलिका दहन आज सायं 6:58 बजे के बाद होगा। इसके बाद रंगभरी होली दो मार्च को मनाई जाएगी।
ज्योतिषाचार्य राकेश पाण्डेय एवं पं. शरदचंद्र मिश्र ने बताया कि एक मार्च को सूर्योदय प्रात: 6:15 बजे व चतुर्दशी तिथि सुबह 7.53 बजे तक है। इसके बाद पूर्णिमा लग रही है। मघा नक्षत्र रात 11:23 बजे तक है। सुबह 7:53 से सायं 6:58 बजे तक भद्रा है और मृत्यु लोक में स्थित है। होलिका के लिए भद्रा रहित प्रदोष काल उत्तम माना जाता है। इसलिए होलिका दहन सायं 6:58 बजे के बाद ही किया जाएगा। इसके अगले दिन रंगभरी होली 2 मार्च को मनाई जाएगी।
*होलिका दहन शोभायात्रा आज*
श्रीश्री होलिका दहन उत्सव समिति, पाण्डेहाता के तत्वावधान में प्रतिवर्ष निकलने वाली होलिका दहन शोभायात्रा एक मार्च को दोपहर बाद 3 बजे निकाली जाएगी। मीडिया प्रभारी विजय पटवा ने बताया कि शोभायात्रा में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रुप में महापौर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डा. राधामोहन दास अग्रवााल तथा ग्रामीण विधायक विपिन सिंह भी मौजूद रहेंगे।
*नरसिंह भगवान की शोभायात्रा कल*
श्री होलिकोत्सव समिति गीता नगर और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेतृत्व में भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा दो मार्च को सुबह 9 बजे घंटाघर चौराहे से निकाली जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रार्थना तथा भगवान नरसिंह की महाआरती के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह जानकारी मनोज जालान ने दी।